Kerala: पीएम मोदी ने केरल में 10000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Kerala: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल की अपनी यात्रा के दौरान 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का बुधवार को उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने इस तटीय शहर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की परियोजनाओं की शुरुआत की।

मोदी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की एक पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखी, दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया (जिनमें से प्रत्येक की लागत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है) और रेल क्षेत्र में की गई 142 करोड़ रुपये की पहल राष्ट्र को समर्पित की।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में संपर्क सुविधा बेहतर बनाने और टिकाऊ परिवहन को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नयी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। मोदी ने कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित तीन रेलवे स्टेशन – षोरणूर जंक्शन, कुट्टिपुरम रेलवे स्टेशन और चंगनाशेरी रेलवे स्टेशन – का भी उद्घाटन किया।

करीब 52 करोड़ रुपये की कुल लागत से इन स्टेशनों को विकसित करते हुए इनका आधुनिकीकरण किया गया है। अपने भाषण की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ के लिए पेट्रोलियम क्षेत्र का विस्तार बहुत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखने के पीछे यही सोच है। मोदी ने कहा कि यह इकाई लगभग चार लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन का उत्पादन करेगी और पैकेजिंग, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण और कई अन्य उद्योगों के लिए लाभदायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि भारत आज एक विशाल विनिर्माण केंद्र बनता जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में भी तेजी से प्रगति कर रहा है। ऐसे कार्यों में ऊर्जा की खपत बहुत अधिक होती है। इसलिए, हरित और स्वच्छ ऊर्जा की आवश्यकता बढ़ती जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत सौर ऊर्जा के मामले में पहले ही विश्व के अग्रणी देशों में से एक बन चुका है। इसे सौर ऊर्जा उत्पादन में और अधिक प्रगति करनी चाहिए, और इसी दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए पश्चिम कल्लाडा में 50 मेगावाट की सौर परियोजना की आधारशिला रखी गई है।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे में भारत के निवेश की दुनिया भर में सराहना की जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस बार पेश किए गए बजट में बुनियादी ढांचे के लिए रिकॉर्ड हिस्सा आवंटित किया गया है, और केरल इस निवेश से अत्यधिक लाभान्वित हो रहा है।

मोदी ने जिन दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के थलापडी-चेंगला खंड का छह लेन का निर्माण शामिल है, जिसे 2,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।

इसके अलावा, वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास का भी उद्घाटन किया गया, जिसका निर्माण लगभग 2,140 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। मोदी ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं से अझिक्कल बंदरगाह तक संपर्क बेहतर होगा और कोझिकोड में यातायात की समस्या कम होगी।साथ ही कहा कि इनसे राज्य के किसानों को लाभ होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने केरल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित 23 ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *