Gyanesh Kumar: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म-6 में ‘‘अवैध और एकतरफा’’ तरीके से बदलाव किए और यह भारतीय जनता पार्टी को मदद पहुंचाने के लिए अपने पद के दुरुपयोग का ‘‘एक और सबूत’’ है।
राहुल गांधी ने 26 सितंबर की निर्वाचन आयोग के एक प्रेस नोट का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अब यह संदेह से परे स्थापित हो चुका है कि ज्ञानेश कुमार ने फॉर्म-6 में अवैध और एकतरफा तरीके से बदलाव किया।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह बीजेपी की मदद करने के लिए उनके पद का दुरुपयोग करने का एक और सबूत है।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र पर ‘‘इस आपराधिक हमले’’ में शामिल ज्ञानेश कुमार और अन्य सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। कांग्रेस नेता ने जिस प्रेस नोट का उल्लेख किया, उसमें निर्वाचन आयोग ने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-6 के साथ संलग्न घोषणा-पत्र को उच्चतम न्यायालय द्वारा सही ठहराया गया है। दूसरी तरफ, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उच्चतम न्यायालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फॉर्म-6 के किसी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी है।
उन्होंने यह टिप्पणी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियोग चलाए जाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान की।