DU Campus: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीयू के ‘नॉर्थ कैंपस’ में और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए

DU Campus:  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने को रेखांकित करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के उत्तर परिसर में कला संकाय, विधि संकाय, विज्ञान संकाय में कम रोशनी वाले स्थानों पर प्रकाश की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने परिसर के हर संवेदनशील हिस्से की समुचित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी आदेश दिए। डीयू पहुंची गुप्ता ने कहा कि परिसर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान कहा कि गुप्ता अचानक डीयू के उत्तर परिसर पहुंचीं जहां उन्होंने कला संकाय के बाहर छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा, परिवहन, छात्रावास और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। बयान के मुताबिक, गुप्ता को निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी।

उन्होंने कहा कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी होने के बावजूद परिसर के अंदर कई स्थानों पर अंधेरा दिखाई दे रहा है, जबकि यहां छात्राओं और विद्यार्थियों की लगातार आवाजाही रहती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पेड़ों की अनावश्यक शाखाओं की छंटाई कराने और जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए ताकि पेड़ों की वजह से रोशनी बाधित न हो। मुख्यमंत्री ने परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि कितने कैमरे लगे हैं, उनमें से कितने काम कर रहे हैं और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त कैमरों की जरूरत है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता है, वहां जल्द कैमरे लगाए जाएं और पहले से लगे कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि परिसर का कोई भी संवेदनशील क्षेत्र निगरानी से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कला संकाय, विधि संकाय, विज्ञान संकाय, पार्किंग और अन्य संवेदनशील हिस्सों का दोबारा निरीक्षण कर कम रोशनी वाले स्थानों पर आवश्यक सुधार किए जाएं।

इस दौरान छात्राओं ने उन्हें छात्रावास और पेइंग गेस्ट (पीजी) से जुड़ी समस्याएं बताईं जिसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पीजी को लेकर जल्द नीति ला रही है, जिससे पीजी व्यवस्था में आवश्यक नियम और मानक तय किए जा सकेंगे। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर टूटे और असमान फुटपाथ को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे मार्ग की जांच कर जहां भी फुटपाथ क्षतिग्रस्त या असमान हैं, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए। बयान के मुताबिक, गुप्ता ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने के लिए भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *