Congress Protest: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर हो रहे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे, जहां राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेता प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं के विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलकर बातचीत की
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे कुछ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, परििणीति शिंदे और मणिकम टैगोर सहित कांग्रेस नेताओं ने लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशान भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
उन्होंने राजाजी मार्ग से प्रधानमंत्री मोदी के आवास की ओर पदयात्रा निकाली और “कल छात्रों के साथ हुई बर्बरता” का आरोप लगाया। हिरासत में लिए गए कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने बस के अंदर से कहा, “हमारे छात्रों पर बहुत बेरहमी से हमला किया गया। प्रधानमंत्री कुछ नहीं कह रहे हैं, गृह मंत्री अमित शाह भी कुछ नहीं कह रहे हैं, इसीलिए लोकसभा और राज्यसभा दोनों के कांग्रेस सांसद विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के लिए प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने के लिए हम उनके घर तक पैदल मार्च करके गए। सरकार न तो कोई जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर बहस करना चाहती है। भारत के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।”
पोस्ट में कांग्रेस ने कहा, “आज देश के छात्रों के भविष्य को कुचला जा रहा है और अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। इसके लिए नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए। छात्रों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है कि सरकार पेपर लीक की जिम्मेदारी ले और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।”