Congress: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें देखकर वह बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित किए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन पर सरकार की प्रतिक्रिया “शर्मनाक” है।
थरूर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर से यहां निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक निकाले गए मार्च में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह जर्मनी के बर्लिन में थे।
उन्होंने भरोसा जताया कि न्याय जरूर मिलेगा। थरूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर मैं बहुत परेशान हूं।”
उन्होंने कहा, “चार महीने पहले बर्लिन में एक सम्मेलन में जाने की प्रतिबद्धता के कारण मैं केवल दूर से अपनी एकजुटता व्यक्त कर सकता हूं। लेकिन मेरा दिल नयी दिल्ली में है। न्याय जरूर मिलेगा!!”