Cockroach Janata Party: Police and cyber experts warnसाइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामले पूरे देश में कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लिए चिंता का सबब बने हुए हैं। हाल ही में, लुधियाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक चेतावनी पोस्ट की। इसमें बताया गया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता का फायदा उठाकर लोगों को व्हाट्स ऐप और दूसरे प्लेटफॉर्मों पर फर्जी लिंक भेज रहे हैं। इसे भेजने वाले साइबर ठग दावा कर रहे हैं कि इन लिंक पर क्लिक करने से यूजर पार्टी में शामिल हो सकेंगे।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ठग, यूजरों को ऐसे संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने का लालच देते हैं, ताकि वे उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तक पहुंच बना सकें और उनके साथ धोखाधड़ी कर सकें।
एआई व साइबर विशेषज्ञ साक्षर दुग्गल ने बताया कि “युवा पीढ़ी को साइबर क्राइम का शिकार बनाना बहुत ही आसान है और यही चीज आजकल साइबर क्रिमिनल कर रहे हैं। कैसे? देखिए अलग-अलग तरीके हैं। आजकल दो तरीके वो बहुत इस्तेमाल कर रहे हैं, पहला एपी की फाइल, दूसरा एआई के माध्यम से ऐसी मेल लिखना कि कॉकरोच जनता पार्टी की ही आपको मेल लिखी जा रही है।
ऐसे कितने लोग हैं, कितने केसेस सामने आ रहे हैं जहां उन्हें तथाकथित कॉकरोच जनता पार्टी की मेल आ रही है। पहली बात तो मेल भी फिशिंग उससे बना रखी है, दूसरा जो मेल बॉडी है, वो एआई के माध्यम से इस तरीके से तैयार की है कि जो बच्चे हैं, जो युवा पीढ़ी है उनको लगता है कि ये उनकी तरफ से आई हुई है। कॉकरोच जनता पार्टी ने कहीं भी सोशल मीडिया पर नहीं लिखा कि हम लोग युवा पीढ़ी को बुला रहे हैं या मेल लिख रहे हैं। यानी कि आपको ये कन्फर्म करना बहुत जरूरी है। आप आंख मूंद कर विश्वास नहीं कर सकते।”
साइबर विशेषज्ञ लोगों से मौजूदा दौर में ऑनलाइन सुरक्षित रहने के लिए दो सरल नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। पहला नियम है ‘भरोसा करने से पहले पुष्टि करें’ और दूसरा है ‘क्लिक करने से पहले सोचें’।