Akhilesh Yadav: विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के प्रमुख नेता बुधवार को नयी दिल्ली में बैठक करेंगे, जिसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ संयुक्त अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद के बीच विपक्षी गठबंधन इस विषय पर एकजुट होने का प्रयास कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने संबंधी प्रस्ताव के नोटिस का मसौदा तैयार है और बैठक में इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ये ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह का तीसरा प्रयास है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, ममता तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी तथा समाजवादी पार्टी (एसपी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) समेत विभिन्न दलों के नेता बैठक में हिस्सा लेंगे।
वहीं डीएमके और आम आदमी पार्टी (एएपी) ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बैठक में शामिल नहीं होंगी। एसपी प्रमुख अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन संबंधी व्यस्तताओं के कारण बैठक में शामिल नहीं होंगे और अपने प्रतिनिधियों को भेजेंगे।