Vande Bharat: दक्षिण कश्मीर के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है, भारतीय रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर प्रयोगात्मक रूप से रोकने की मंजूरी दे दी है। वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद से ही दक्षिण कश्मीर के लोगों की मांग रही है कि इस ट्रेन का अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव रखा जाए। इस संबंध में आम लोगों और विभिन्न वर्गों की ओर से रेलवे अधिकारियों से लगातार अपील की जाती रही है।
रेलवे बोर्ड के इस फैसले के बाद दक्षिण कश्मीर के लोगों में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग की मंजूरी बताया है।
हालांकि, रेलवे अधिकारियों के अनुसार अनंतनाग में वंदे भारत ट्रेन का ठहराव सुरक्षा मंजूरी पर निर्भर करेगा। आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड के अनुसार यह ठहराव प्रयोगात्मक आधार पर शुरू किया जाएगा और इसके शुरू होने की अंतिम तारीख आवश्यक मंजूरियों के बाद तय की जाएगी।