Ujjain: महाकाल मंदिर परिसर के नागचंद्रेश्वर टेम्पल में भगदड़ के हालात, कई लोग गिरे

Ujjain: नाग पंचमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों ने मंदिर में भीड़ प्रबंधन और राहत व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

घायल श्रद्धालु सागर ने बताया कि वह कई घंटों से दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। हरसिद्धि चौराहे के पास करीब दो घंटे तक भीड़ में फंसे रहने के बाद अचानक बैरिकेड खोल दिए गए, जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान टेंट और बैरिकेड गिरने से उनके दोनों पैर दब गए और एक पैर में फ्रैक्चर हो गया। सागर की मां मीनू ने बताया कि हादसा हरसिद्धि चौराहे के पास हुआ, जब श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद काफी देर तक किसी ने मदद नहीं की और एक व्यक्ति ने उन्हें उठाकर स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाया।

उज्जैन निवासी मनोहर भावसार ने भी प्रशासन के उन दावों पर सवाल उठाए, जिनमें घटना के बाद अस्पताल में किसी मरीज के भर्ती न होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने बताया कि उनके मित्र का बच्चा महाकाल की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा है और उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

ग्वालियर से दर्शन के लिए आईं एक अन्य घायल श्रद्धालु की मां आरती ने बताया कि उनकी बेटी भगदड़ के दौरान रेलिंग से गिरकर घायल हो गई और बेहोश होने के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि कि सावन के पवित्र महीने के सोमवार और नाग पंचमी के संयोग के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे थे। नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार नाग पंचमी के दिन 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं। इसके चलते मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *