Swine flu: दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू का खतरा बड़ा, जे.पी. नड्डा ने की तैयारियों पर समीक्षा

Swine flu: देश के कई राज्यों में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के साथ वायरल बुखार और सांस संबंधी संक्रमण बढ़ रहे हैं। दिल्ली में अगस्त की शुरुआत तक 1,344 मामले सामने आए, जबकि मुंबई में भी पिछले साल के मुकाबले केस बढ़े हैं। इसमें अचानक बुखार, सूखी खांसी, शरीर में दर्द, गले में खराश जैसे लक्षण दिख सकते हैं।

दिल्ली-एनसीआर इन दिनों स्वाइन फ्लू की खतरनाक चपेट में है। तेज बुखार, सिर-शरीर में दर्द और सांस की दिक्कतों के साथ बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। बढ़ते जोखिमों को देखते डॉक्टर सभी लोगों को इन दिनों श्वसन संक्रमण से बचाव के लिए निरंतर उपाय करते रहने की सलाह दे रहे हैं। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने हालात का जायजा लेने के लिए गुरुवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों के साथ बैठक की। विभाग को निगरानी बढ़ाने, तैयारियों को मजबूत करने और जरूरी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी शुक्रवार को दिल्ली में स्वाइन फ्लू की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।

अस्पतालों से प्राप्त हो रही जानकारियों के मुताबिक मरीज बहुत तेज बुखार की शिकायत कर रहे हैं, कई लोगों का कहना है कि इससे पहले उन्होंने इतना तेज बुखार कभी नहीं झेला था। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने देश में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा की मौजूदा स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी पर खास ध्यान देते हुए लगातार सतर्कता और त्वरित निगरानी की जरूरतों पर जोर दिया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह भी इस बैठक में शामिल हुए। नड्डा ने इन्फ्लूएंजा के ट्रेंड पर कड़ी नजर रखने और मामलों का जल्द पता लगाने व समय पर इलाज सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैयारी करने की जरूरत पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *