Stock Market: घरेलू शेयर बाजार में गिरावट आई, आईटी और दैनिक इस्तेमाल का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में बिकवाली और पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने से इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 3.63 प्रतिशत बढ़कर 91.30 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 307 अंक से ज्यादा गिरकर 76,957 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 95 अंक से ज्यादा टूटकर करीब 24,080 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अडाणी पोर्ट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और इंफोसिस सबसे ज्यादा गिरे जबकि सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। प्राइवेट सेक्टर के बैंकों और फाइनेंशियल सर्विस शेयरों को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स में सुस्ती रही। इसमें मेटल, आईटी, एफएमसीजी, पावर, टेलीकॉम और रियलिटी सेक्टर के शेयर शामिल थे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद जबकि जापान का निक्केई और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। सोमवार को ज्यादातर यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने करीब 5,040 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।