Stock market: वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमत से घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे, बीएसई सेंसेक्स 172 अंक टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी 33 अंक के नुकसान में रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका की ओर से ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमत से जोखिम लेने की धारणा प्रभावित हुई है।
सकारात्मक शुरुआत के बावजूद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती बढ़त कायम नहीं रख सका और 171.72 अंक यानी 0.22 प्रतिशत टूटकर 77,369.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 339.17 अंक तक लुढ़क गया था। इसी तरह 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 32.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में अडाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एचसीएल टेक, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। पश्चिम एशिया को लेकर नए सिरे से चिंता और बैंक तथा वित्तीय शेयरों में बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के ईरान और उसके व्यापारिक साझेदारों पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका के बीच बाजार में सतर्कता रही। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई की चेतावनी दी है, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी देशों से होने वाले तेल निर्यात को रोकने की धमकी दी है। इससे तनाव और बढ़ने की आशंका को लेकर निवेशक चिंतित रहे।’’
मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.11 प्रतिशत टूटा, जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। क्षेत्रवार सूचकांकों में बीमा क्षेत्र 0.86 प्रतिशत, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का सूचकांक 0.82 प्रतिशत, आवास वित्त 0.76 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.39 प्रतिशत और बैंकेक्स (बैंक सूचकांक) 0.35 प्रतिशत नुकसान में रहे। वहीं, धातु क्षेत्र में 1.38 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा, दूरसंचार 1.05 प्रतिशत, जिंस 0.55 प्रतिशत, रियल्टी 0.43 प्रतिशत और तेल एवं गैस क्षेत्र 0.34 प्रतिशत लाभ में रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव और ईरान से तेल की आपूर्ति कम होने की आशंका से कीमत में तेजी को समर्थन मिला।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा।अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।