Stock market: ऊंची तेल कीमतों और अमेरिका-ईरान गतिरोध के लंबे समय तक बने रहने के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से घरेलू शेयर बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 71 अंक और निफ्टी में 30 अंक की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 70.71 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 78,009.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 395.59 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 77,684.37 अंक तक आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 29.85 अंक यानी 0.12 प्रतिशत गिरकर 24,366 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी में गिरावट का लगातार चौथा सत्र रहा। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स, इंडिगो, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट में रहे।
दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 87.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। “मुझे लगता है कि बाजार अभी भी इस उलझन में है कि किस तरफ जाए। ईरान और अमेरिका के बीच लगातार तनाव का असर बाजार पर दिख रहा है। इस बात से बाजार को कोई खुशी नहीं मिली कि यह नाकेबंदी यानी नेवल ब्लॉकेड, बहुत लंबे समय तक जारी रहने वाली है।”
बाजार विशेषज्ञ शरद कोहली ने कहा, “एफआईआई की बिकवाली भी बीच-बीच में होती रहती है। और जाहिर है, रुपये पर दबाव बना हुआ है, इसलिए इन सभी वजहों को मिलाकर देखें तो मुझे लगता है कि बाजार सिर्फ नतीजों के दम पर चल रहा है। जिन कंपनियों के नतीजे अच्छे रहे हैं, उनके शेयरों में कभी-कभी उछाल देखने को मिलता है। लेकिन कुल मिलाकर अभी बाजार पर दबाव बना हुआ है।”
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा, यूरोपीय बाजारों में ज्यादातर सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 510.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। कारोबार के आखिर में हुई खरीदारी से सेंसेक्स बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। पिछले कारोबारी सत्र के अंतिम दौर में हुई लिवाली से सेंसेक्स 113.61 अंक बढ़कर 78,079.96 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 40.10 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 24,395.85 अंक पर रहा था।।