RBI के रेपो दर बढ़ाने के फैसले के बाद शेयर बाजार काफी हद तक शुरुआती नुकसान से उबरा

RBI: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के करीब चार साल बाद प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा के बाद बैंक शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजारों ने दोपहर के कारोबार में शुरुआती नुकसान की काफी हद तक भरपाई कर ली।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 547.08 अंक फिसलकर 72,520.73 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 197.85 अंक टूटकर 22,578.25 अंक पर कारोबार कर रहा था। फैसले के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने काफी हद तक अपने शुरुआती नुकसान की भरपाई कर ली।

दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 154.23 अंक के नुकसान के साथ 72,929.75 अंक पर जबकि निफ्टी 87.40 अंक की गिरावट के साथ 22,687.35 अंक पर कारोबार करने लगा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाइटन, एशियन पेंट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मारुति के शेयर अधिक गिरावट में थे। वहीं भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई और बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में कारोबार कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.98 प्रतिशत बढ़कर 101.5 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,961.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, सेंसेक्स 685.34 अंक और निफ्टी 220.35 अंक चढ़कर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *