LPG Gas: जून की पहली तारीख को ही छोटे भोजनालयों, होटलों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को सुबह-सुबह महंगाई का झटका लगा है। सोमवार को एक बार फिर से व्यावसायिक सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,071 रुपये से बढ़कर 3,113 रुपये से ज्यादा हो गई है। कई छोटे भोजनालय मालिकों का कहना है कि इस बढ़ोतरी से उनके बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा और उनके व्यवसाय को चलाना और भी मुश्किल हो जाएगा।
बीते सप्ताह केंद्र सरकार ने सरकारी तेल विपणन कंपनियों को कम से कम 30 दिनों के लिए पर्याप्त एलपीजी भंडार बनाने का निर्देश दिया था, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए खतरा बना हुआ है।
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए खाड़ी देशों पर काफी हद तक निर्भर है। इसकी एलपीजी आपूर्ति का लगभग 90 फीसदी हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब भारत के लिए एक जोखिम बनता जा रहा है। व्यावसायिक एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी होने के बावजूद, घरों में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये ही है और इसमें बदलाव नहीं किया गया है।