India: भारत में राजनीतिक स्थिरता है और सुधार हमारी सरकार की प्रतिबद्धता- पीएम मोदी

India:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी क्षेत्रों में सुधार उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है और भारत आर्थिक वृद्धि की रफ्तार बनाए रखने के लिए लगातार कई कदम उठा रहा है। मोदी ने ‘इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता और इसकी नीतियों में निरंतरता है, इसलिए दुनिया देश को वृद्धि एवं उम्मीद के एक प्रमुख केंद्र के रूप में देख रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत लगातार वृद्धि की गति बनाए रखने के लिए कई कदम उठा रहा है। भारत सभी क्षेत्रों में सुधारों को आगे बढ़ा रहा है और सुधार हमारी प्रतिबद्धता हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के तौर पर किए जाने से दुनिया में वृद्धि को लेकर कई चिंताएं हैं, लेकिन भारत को वृद्धि के एक प्रमुख केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के पास सुधारों के लिए स्पष्ट खाका है जिसमें सुशासन पर विशेष जोर दिया गया है।उन्होंने कहा कि सरकार अधिक उत्पादन को प्रोत्साहन के जरिये बढ़ावा दे रही है। मोदी ने पिछली सरकारों पर लोगों को अभाव में रखने की नीति अपनाने का आरोप लगाया, ताकि उन्हें बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार के सामने निर्भर रहना पड़े।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों का ‘लाइसेंस-राज’ बेरोजगारी का बोझ बढ़ाता था, जबकि उनकी सरकार का उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन मॉडल अवसर पैदा कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम केवल नियमों में बदलाव नहीं कर रहे हैं, बल्कि नियमों की समूची नीति को ही बदल रहे हैं। हमारी सरकार का मानना है कि ऐसा कोई काम करने के लिए कोई नियमन नहीं होना चाहिए, जिसे कानून के तहत स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित नहीं किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार नीतिगत स्तर पर अगली पीढ़ी के सुधार कर रही है और सुशासन एवं जीवन सुगमता के स्तर पर भी सुधार लागू कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘अनुमति मिलने तक प्रतिबंधित’ दृष्टिकोण से ‘प्रतिबंधित होने तक अनुमति’ के मॉडल की तरफ बढ़ रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि भारत पिछली सरकारों के ‘उत्पादन आधारित दंड’ (पीएलपी) मॉडल से निकलकर अब ‘उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन’ (पीएलआई) की ओर बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और नमो रैपिड रेल में छोटे-छोटे सुधार भी दिखाते हैं कि देश वक्त के साथ बदल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भारत का नक्शा बनाने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ती थी, जबकि विदेशी उपग्रह भारत का नक्शा बना सकते थे। लेकिन उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे को भारत की कमजोरी के बजाय ताकत मानने का फैसला किया है और सीमा अवसंरचना की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया का सबसे सस्ता डेटा भारत में उपलब्ध है और देश सस्ते व सबसे अच्छे मोबाइल फोन बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *