Hyderabad: रक्षाबंधन से पहले हैदराबाद के अंबरपेट में ‘यादव राखी वाला’ की दुकान रंग-बिरंगी राखियों से सज चुकी है। यहां साधारण डोरी वाली राखियों से लेकर डिजाइनर राखियों तक की भरमार है। चांदी की चमचमाती राखियां भी इस दुकान पर मिलेंगी।
भाई-बहन के अटूट रिश्ते के प्रतीक रक्षाबंधन के त्योहार पर ये दुकान ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बन गई है जहां सभी की पसंद और बजट के हिसाब से राखियां मिल रही हैं। रही बात कीमतों की तो वो आपको हैरान कर देंगी, जी हां आप सिर्फ 10 पैसे में यहां से राखी खरीद सकते हैं। इसके अलावा आपको सौ, हजार या इससे ऊपर की कीमत की राखी भी मिलेगी।
इस दुकान और यहां मिलनी वाली राखियों पर ग्राहकों को पूरा भरोसा है, वो हर साल यहां आकर खरीदारी करते हैं।
ये दुकान 1992 में शुरू की गई थी और अब राखियों के लिए लोगों की पसंदीदा जगह बन गई है। यहां पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों का ऐसा संगम देखने को मिलता है जो बदलते दौर की पसंद को बखूबी समझता है।