Heatwave: दिल्ली में मयूर विहार की संजय गांधी झील भीषण गर्मी के कारण सूखने लगी है, झील की मछलियां मर रही हैं। झील के कर्मचारियों ने बताया कि दोपहर तक उन्होंने सूखी झील की सतह से करीब ढाई सौ किलो मरी हुई मछलियां निकाली थीं। इसके बाद भी मछलियां निकालना बाकी है।
गर्मी से बदहाली उत्तर भारत के बड़े हिस्से में छाई हुई है। दोपहर में लोग घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। इससे कई शहरों की रफ्तार धीमी हो गई है। गर्मी का असर हरियाणा के करनाल में साफ दिख रहा है। सड़कें खाली हैं और बाजार सुने। ये भीषण गर्मी का असर है।
जिन्हें काम के लिए घर से निकलना जरूरी है, उनकी परेशानी कुछ ज्यादा ही है। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा चल रही है। तेज गर्मी में अधिकारियों पर तीर्थयात्रियों के साथ-साथ जानवरों की भी देखभाल का जिम्मा है। सभी को पीने का पानी, छाया और ठंडा पहुंचाने की खास व्यवस्था की जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह उत्तर भारत के बड़े हिस्से में भीषण से लेकर अत्यंत भीषण लू चलने का अनुमान लगाया है। ऐसे में डॉक्टर लोगों को बार-बार ताकीद कर रहे हैं कि गर्मी से बचने के लिए हर जरूरी सावधानी बरतें।