Heatwave: भीषण गर्मी देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ रही है, महाराष्ट्र में विदर्भ के वर्धा और नागपुर में बुधवार को दिन का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था। पिछले एक दशक में तापमान इतना ऊपर कभी नहीं गया था।
वर्धा में 47.1 डिग्री सेल्सियस और नागपुर में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, मौसम विभाग ने विदर्भ के कुछ जिलों के लिए रेड एलर्ट जारी किया है। यहां आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
इसी तरह, छत्तीसगढ़ में भी पिछले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ा है। तापमान में करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इससे स्थानीय निवासियों की रोजमर्रे की जिंदगी बदहाल हो गई है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों, खास कर मध्य छत्तीसगढ़ में इस सप्ताह के लिए ऑरेंज एलर्ट जारी किया है।
विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए, लोगों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
भारी गर्मी से होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।