FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को ’10 सबसे ज्यादा भगोड़ों’ की सूची में किया शामिल

FBI: फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी ‘दस सबसे ज्यादा वांछित भगोड़ों’ की सूची में शामिल किया है और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की है। एफबीआई ने कहा, “सतिंदरजीत सिंह लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह में कथित तौर पर शामिल होने के कारण वांछित है; ये समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया और पूरे अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है।”

जांच एजेंसी का कहना है कि सतिंदरजीत सिंह पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, मर्डर, किडनैपिंग, जबरन वसूली, मारपीट और ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। सतिंदरजीत सिंह अमेरिका में रहता हैं और नॉर्थ अमेरिका में उस ग्रुप का कथित लीडर हैं।

एक जुलाई को कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने सतिंदरजीत सिंह के लिए गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। उस पर रैकेटीयर इन्फ़्लुएंसड एंड करप्ट ऑर्गेनाइज़ेशन्स (RICO) साजिश; जबरन वसूली के जरिए व्यापार में दखल देने की साजिश और कोशिश; कंट्रोल किए गए पदार्थों को बांटने और बांटने के इरादे से अपने पास रखने की साजिश के आरोप लगाए गए थे।

भारत-आधारित ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप्स के खिलाफ कई सालों तक चली फेडरल जांच, ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के बाद जिन भगोड़ों की पहचान की गई थी उनमें सतिंदरजीत सिंह भी शामिल था। जुलाई में, अमेरिकी अधिकारियों ने ऐसे तीन समूहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की घोषणा की।

एफबीआई के अनुसार, एक आरोप-पत्र ‘बिश्नोई नेटवर्क’ पर केंद्रित था, जिसमें सतिंदरजीत सिंह को कथित तौर पर इसके नेताओं में से एक बताया गया है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि सतिंदरजीत सिंह ने दुनिया भर में इस नेटवर्क के सदस्यों और सहयोगियों को निर्देश देने में मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *