Coal Mine Auction: कोयला खदानों की 15वीं नीलामी होगी शुरू, उर्जा सुरक्षा पर सरकार का फोकस

 Coal Mine Auction: कोयला मंत्रालय बढ़ती ऊर्जा मांग के बीच कोयला उत्पादन में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों के तहत वाणिज्यिक कोयला खदानों की 15वीं नीलामी शुक्रवार को शुरू करेगा। साथ ही हितधारकों के साथ परामर्श बैठक की जाएगी।

मुंबई में होने वाली यह परामर्श बैठक उद्योग जगत की कंपनियों, निवेशकों और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों को एक साथ लाएगी जहां नीलामी की प्रक्रियाओं, खनन सुधारों एवं वाणिज्यिक कोयला ब्लॉक ढांचे में मौजूद अवसरों पर चर्चा की जाएगी। यह चरण 2020 में शुरू किए गए सरकार के कोयला क्षेत्र उदारीकरण अभियान में एक महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।

इसके पिछले 14 चरण में 100 से अधिक ब्लॉक की पेशकश की गई तथा महत्वपूर्ण निवेश आकर्षित हुआ। आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘कोयला मंत्रालय 17 अप्रैल 2026 को ‘आत्मनिर्भर भारत: ऊर्जा सुरक्षा के लिए कोयला’ विषय पर हितधारक परामर्श का आयोजन करने के साथ ही वाणिज्यिक कोयला खदानों की 15वीं नीलामी की शुरुआत करेगा।’’

वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी की सफलता के आधार पर कोयला मंत्रालय अधिक उत्पादन, दक्षता एवं आत्मनिर्भरता के जरिये भारत के ऊर्जा क्षेत्र को आगे बढ़ा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, इस नीलामी में पूर्णतः अन्वेषित एवं आंशिक रूप से अन्वेषित कोयला ब्लॉक का नया ‘सेट’ पेश किया जाएगा। इसमें अनुभवी खनन कंपनियों, नए प्रवेशकों और प्रौद्योगिकी-आधारित उद्यमों को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि इस कदम से प्रतिस्पर्धी और गतिशील परिवेश को बढ़ावा मिलेगा जिससे निवेश, रोजगार सृजन एवं क्षेत्र के समग्र वृद्धि को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *