MP News: भारत रत्न और राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में यूनिटी केयर फाउंडेशन की ओर से सेवा, सम्मान, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फाउंडेशन की डायरेक्टर शबाना खान और चांद बाबू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनसेवा, जरूरतमंद बच्चों की सहायता और वृक्षारोपण के माध्यम से नानाजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक शामिल हुईं। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी हरि अग्रवाल, नगर पालिका छतरपुर के उपाध्यक्ष मिंटू पंडा सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने नानाजी देशमुख के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। आयोजकों ने कहा कि नानाजी का जीवन राष्ट्रसेवा, स्वावलंबन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को समर्पित रहा। फाउंडेशन की डायरेक्टर शबाना खान ने कहा कि नानाजी ने अपने जीवन में राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। इसी भावना के अनुरूप कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से की गई। वहीं, चांद बाबू ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना नानाजी को सच्ची श्रद्धांजलि है।

जन रसोई के जरिए दिया मानव सेवा का संदेश
कार्यक्रम के तहत सुबह 8 से 9 बजे तक छतरपुर बस स्टैंड क्रमांक-2 पर जन रसोई का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने और मानव सेवा का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि भूखे को भोजन उपलब्ध कराना और जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची समाजसेवा है। मुख्य अतिथि डॉ. नंदिता पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि नानाजी देशमुख का अंत्योदय का विचार विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण आधार है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और लोगों को आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत, स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी की अपील की।

सामाजिक समरसता और स्वावलंबन पर वक्ताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नानाजी देशमुख के सामाजिक, राजनीतिक और ग्रामीण विकास संबंधी योगदान को याद किया। वरिष्ठ पत्रकार हरि अग्रवाल ने नानाजी के पत्रकारिता और संपादन के क्षेत्र में योगदान का उल्लेख किया। वहीं, व्यापारी प्रतिनिधियों ने उनके स्वावलंबी गांव के विचारों को अपनाने पर जोर दिया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष मिंटू पंडा ने स्वच्छता के क्षेत्र में सहयोग की बात कही। डॉ. रफीक खान, डॉ. अकील खान, याकूब पठान और रफत खान सहित अन्य वक्ताओं ने नानाजी के विचारों को सामाजिक सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के लिए प्रासंगिक बताया। महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा जैसे विषयों पर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि नानाजी का जीवन समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर चलने और ग्रामीण भारत को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का संचालन अमित जैन ने किया। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सामग्री वितरित
नानाजी देशमुख शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम मानते थे। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए यूनिटी केयर फाउंडेशन की डायरेक्टर शबाना खान और चांद बाबू ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों को कॉपी, पेन, बिस्कुट और मिठाई वितरित की। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में समाजसेवा करने वाले लोगों का अतिथियों और फाउंडेशन के डायरेक्टरों की ओर से स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया। डॉ. नंदिता पाठक ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए सामाजिक भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
यूनिटी केयर फाउंडेशन के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम नानाजी देशमुख के सेवा, समरसता, स्वावलंबन और राष्ट्रनिर्माण के विचारों को समर्पित रहा। जन रसोई, बच्चों को शैक्षिक सामग्री वितरण और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से आयोजकों ने समाजसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
