Maharashtra:महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। मोशी इलाके में स्थित एक इमारत अचानक ढह गई, जिससे मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत मोशी कचरा डिपो के पास स्थित थी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कचरे का बड़ा ढेर इमारत पर आ गिरा, जिससे भवन का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या और किसी संभावित जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच, पुणे शहर, उसके उपनगरों और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में भी आवागमन प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों की नजर हालात पर बनी हुई है।