Venezuela: वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने भारत द्वारा ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत स्थापित फील्ड हॉस्पिटल का दौरा किया और वहां दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की। उन्होंने इसे भारत और वेनेजुएला के बीच भाईचारे और मानवीय सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
दौरे के बाद गिल ने कहा कि भारत के राजदूत पी.के. अशोक बाबू और भारतीय टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने मानवीय संवेदनाओं और एकजुटता की अनूठी मिसाल देखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत ने वेनेजुएला का हाथ थामकर सच्ची मित्रता निभाई है।
विदेश मंत्री ने बताया कि इस फील्ड हॉस्पिटल में प्रतिदिन लगभग 400 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यहां भूकंप में घायल लोगों को फ्रैक्चर, गंभीर चोट, हेमेटोमा जैसी समस्याओं का इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा दंत चिकित्सा, एक्स-रे सुविधा, मामूली सर्जरी और बचाव कार्यों में घायल हुए रेस्क्यूकर्मियों का भी उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हाल ही में कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भारत का दौरा किया था और आज यह सहयोग दोनों देशों के बीच भाईचारे की भावना का जीवंत प्रमाण है। भारत के डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ चौबीसों घंटे सेवा देकर वेनेजुएला के लोगों की मदद कर रहे हैं।”
गिल ने आगे कहा कि वेनेजुएला की जनता भारत के इस सहयोग को कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों, चिकित्सा कर्मियों और राहत मिशन में शामिल सभी लोगों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया तथा कहा कि वेनेजुएला इस कठिन समय में अकेला नहीं है।
इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 2,300 से अधिक लोगों की मौत, 5,000 से ज्यादा लोग घायल और करीब 16,000 लोग बेघर हो चुके हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि राहत और बचाव अभियान अब पुनर्वास चरण में प्रवेश कर रहा है, जिसके चलते मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। WHO जमीनी स्तर पर इमरजेंसी मेडिकल टीमों के साथ समन्वय कर रहा है ताकि घायलों को ट्रॉमा केयर उपलब्ध कराई जा सके और देश की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनी रहें।
WHO ने अब तक 6 मीट्रिक टन से अधिक आपातकालीन चिकित्सा सामग्री प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई है, जबकि 28 मीट्रिक टन अतिरिक्त सहायता सामग्री भेजी जा रही है। इसके अलावा आपातकालीन सहायता कोष से 15 लाख डॉलर की राशि भी जारी की गई है।
टेड्रोस ने चेतावनी दी कि यह आपदा पहले से ही मानवीय संकट का सामना कर रहे वेनेजुएला की स्वास्थ्य व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।