US-Iran War: अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर हमला किया, ये कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच पिछले एक महीने में कोई सैन्य गतिविधि नहीं हुई लेकिन अब फिर से तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।
ईरान के अर्ध-सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइलें और ड्रोन दागे। ईरान की सुरक्षा एजेंसियों के करीबी माने जाने वाले फार्स और तस्नीम समाचार एजेंसियों ने देर रात बताया कि ईरान ने सैन्य अभियान शुरू कर दिए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका के एक हमले में एक ऐसा घर निशाना बना, जहां शादी समारोह आयोजित हो रहा था। इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि नए हमले इसलिए किए गए क्योंकि तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में कारोबारी जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैन्यकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में चेतावनी दी कि अगर ईरान ने जवाबी कार्रवाई की, तो उन पर और भी जोरदार हमला किया जाएगा।