Russia: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से हमले, आठ लोग घायल

Russia: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन जिलों में इमारतों और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात भर बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और 269 ड्रोन के जरिए बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया। वायु सेना के मुताबिक, यूक्रेन के वायु रक्षा तंत्र ने 243 ड्रोन और चार मिसाइलों को नष्ट कर दिया।

उन्होंने बताया कि 25 जगहों पर हमले हुए और गिराए गए लक्ष्यों के मलबे 8 जगहों पर गिरे, रूसी रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि उसने रात भर यूक्रेन में कई ठिकानों पर “जमीन से दागे जाने वाले सटीक हथियारों और स्ट्राइक ड्रोन” की मदद से “जबरदस्त हमला” किया। कीव में जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें एक डेटा सेंटर, ड्रोन और ‘फ्लेमिंगो’ क्रूज मिसाइलों के पुर्जे रखने वाला एक लॉजिस्टिक्स हब, ड्रोन के पुर्जे बनाने वाली एक औद्योगिक इकाई और मिसाइलों को रखने वाला एक लोकोमोटिव डिपो शामिल हैं।

रूसी मंत्रालय के अनुसार, कीव में एक ऐसे प्लांट को भी निशाना बनाया गया, जहां कथित तौर पर सैन्य-औद्योगिक परिसर के लिए पॉलीमर सामग्री बनाई जाती थी। इसके अलावा, रूसी सेना ने ओडेसा बंदरगाह से 130 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में एक मालवाहक जहाज (बल्क कैरियर) पर भी हमला किया, जो कथित तौर पर सैन्य और दोहरे उपयोग (सिविल और सैन्य दोनों) वाला सामान ले जा रहा था।

कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि यूक्रेन की राजधानी के डेस्नियान्स्की जिले में हुए हमले से एक निजी मेडिकल सेंटर और शहर के एक मेट्रो स्टेशन को नुकसान पहुंचा है। निप्रोव्स्की जिले में खुले इलाकों में मलबा गिरने से शैक्षणिक संस्थानों और एक स्पोर्ट्स फैसिलिटी को नुकसान पहुंचा। मलबा कुछ ऐसी इमारतों पर भी गिरा, जो रिहायशी नहीं थीं।

सोलोमियांस्की जिले में 25 मंजिला रिहायशी इमारत में मौजूद एक मेडिकल सेंटर की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, इमरजेंसी सेवाओं ने आग पर काबू पा लिया, इस हमले की वजह से आस-पास की इमारतों और एक शॉपिंग सेंटर की खिड़कियां भी टूट गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *