Russia: रूस ने कीव क्षेत्र पर मिसाइल एवं ड्रोन हमला किया, पांच लोगों की मौत

Russia:  रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आस-पास के इलाकों पर हफ्तों से मिसाइल और ड्रोन हमला जारी रखते हुए विद्युत ग्रिड और एक महत्वपूर्ण इंटरनेट एक्सचेंज केंद्र को निशाना बनाया जिसमें एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अगस्त के आखिर से रूस ने अपने हवाई हमले बहुत तेज कर दिये, जिससे यूक्रेन पर दबाव बढ़ गया है। अब जब यूक्रेन सर्दियों की तैयारी में जुटा है तब रूस अक्सर ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहा है ताकि यूक्रेन के लोगों को उष्मा सुविधा और पानी न मिल सके।

यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि अपने पड़ोसी देश पर हमला करने के साढ़े चार साल बाद भी रूस लड़ाई रोकने की अमेरिकी कोशिशों में शामिल नहीं हो रहा है। उधर, रूस का कहना है कि वह अस्थायी युद्धविराम के बजाय एक व्यापक समझौता चाहता है। लेकिन यूक्रेन को उसकी जमीन छोड़ने की रूस की मांग मंजूर नहीं है।

यूक्रेन में क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि कीव क्षेत्र के विशहोरोद में एक निजी घर के मलबे से एक मृत बच्चे को निकाला गया और तीन अन्य लोगों को बचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में राजधानी कीव में तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम चार अन्य घायल हो गए, जबकि शहर के पास एक और व्यक्ति की मौत हुई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस का मुख्य निशाना कीव और उसके आस-पास के इलाकों में मौजूद उर्जा अवसंरचना हैं। उन्होंने इसे ‘एक मुश्किल हमला’ बताया, क्योंकि रूसी हमले से यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता दबाव में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *