Russia: रूस के ड्रोन-मिसाइल हमलों में यूक्रेन की राजधानी में दो लोगों की मौत

Russia:  रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से किए गए हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 10 अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बीते हफ्ते हमले रुके थे, लेकिन रूस ने कीव पर फिर से हमला किया। इसी बीच, अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के नये प्रयासों के तहत अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर कीव पहुंचे हैं।

यूक्रेन की राज्य आपात सेवा ने बताया कि राजधानी के कम से कम पांच जिलों में नुकसान होने और आग लगने की घटनाएं सामने आईं हैं। वहीं, कीव के सैन्य प्रशासन ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि कम से कम 16 जगहों पर नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

होलोसीव्स्की जिले में 26 मंजिला एक गैर-आवासीय इमारत भी हमले की चपेट में आई है। उसी जिले में एक अन्य स्थान पर आग लग गई और उसकी लपटें पास की एक गैर-आवासीय इमारत तक फैल गईं। बचाव दल ने तलाशी के दौरान एक व्यक्ति को बचाया और 16 मंजिला आवासीय इमारत के एक अपार्टमेंट से भी दो लोगों को बाहर निकाला।

आपात सेवा के अनुसार, सोलोमियांस्की जिले की एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में भी लोग फंस गए थे। उसने बताया कि कम से कम 10 लोगों को बचाया गया है। इसके अनुसार, डार्नित्स्की और पोडिल्स्की जिलों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *