Russia: रूस के मिसाइल हमलों में कीव में 12 लोगों की मौत, 33 घायल

Russia: रूस की ओर से देर रात किए गए मिसाइल हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन की आपात सेवा के अनुसार, हमले में कम से कम 33 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रातभर राजधानी में विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं। गुरुवार सुबह तक हवाई हमले की चेतावनी जारी रही।

अधिकारियों ने बताया कि हमले में कीव के दारनित्स्की, स्वियातोशिन्स्की और सोलोमियांस्की जिलों में 12 स्थानों को निशाना बनाया गया। इसमें आवासीय इमारतों, एक चिकित्सा केंद्र और एक शैक्षणिक संस्थान को नुकसान पहुंचा। आपातकालीन दलों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अग्निशमन कर्मियों द्वारा बचाई गई अपनी बिल्ली ‘शनेल’ को गोद में लिए 60 वर्षीय लारिसा बोंदारुक जमीन पर बैठी थीं। उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके पड़ोसी के पोते की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। लारिसा का भी मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

उन्होंने कहा, “हमारी इमारत में दो लोगों की मौत हो गई, लेकिन बचावकर्मियों ने तेजी और पेशेवर तरीके से काम किया। मैं इसके लिए उनकी आभारी हूं।” रूस ने कीव की हवाई रक्षा क्षमता को कमजोर करने के उद्देश्य से राजधानी पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं।

कीव के पास बैलिस्टिक खतरों को रोकने वाली प्रणालियां सीमित हैं, वहीं अमेरिका निर्मित पैट्रियाट हवाई रक्षा प्रणालियों के लिए मिसाइलों की आपूर्ति लंबे समय से सीमित बनी हुई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले यूक्रेन को पैट्रियाट हवाई रक्षा प्रणालियों के उत्पादन के लिए लाइसेंस हासिल करने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में इस फैसले को वापस ले लिया। इस बीच, यूक्रेन ने भी रूस के भीतर मौजूद हथियार भंडारों, सैन्य ठिकानों और अन्य रणनीतिक लक्ष्यों पर लंबी दूरी के हमले तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *