Nepal: नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद 105 भारतीयों समेत 384 लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Nepal: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटे कोशी नदी में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बाद करीब 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, यह जानकारी पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिले प्रारंभिक एजेंसी-वार रिकॉर्ड पर आधारित है और फिलहाल इसका सत्यापन किया जा रहा है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से कुल 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना मिली है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। लापता लोगों की सूची में 37 एनआरआई के हिमालयन ग्लेशियर क्षेत्र में होने की भी जानकारी दी गई है। सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा में भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग प्रभावित इलाकों में मौजूद पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा और स्थिति का पता लगाने में जुटे हैं।

बोर्ड ने कहा कि ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर लापता लोगों की जानकारी का सत्यापन और क्रॉस-चेक किया जा रहा है। वहीं द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, रसुवा जिले में भोटे कोशी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड के कारण कम से कम सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बुधवार दोपहर तक कम से कम 25 लोगों को बचाया जा चुका था।

रेस्क्यू ऑपरेशन में नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया है। खोज और बचाव अभियान के लिए 14 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा, चीन-नेपाल सीमा के पास तिमुरे में तैनात सशस्त्र पुलिस बल के नौ जवान भी लापता बताए जा रहे हैं।

आपातकालीन नंबर जारी-

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने प्रभावित पर्यटकों के लिए टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 और टूरिस्ट पुलिस का नंबर 9851289445 जारी किया है। पर्यटकों से निकटतम पुलिस या सुरक्षा अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, ट्रैवल एजेंसी, गाइड या टूर ऑपरेटर से संपर्क करने की अपील की गई है।

वहीं, नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने भी नेपाल में फ्लैश फ्लड से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता और जानकारी के लिए दो इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं: +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500। भारतीय नागरिकों और पर्यटकों से शांत रहने, आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *