London: विश्व शांति, मानवता, सांस्कृतिक सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर को ब्रिटेन की संसद में वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन (WPO) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संगठन का पुनर्गठन करते हुए नई अंतरराष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संजय गिरी को संगठन का ग्लोबल प्रेजिडेंट और गाजियाबाद स्थित सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर महन्त नारायण गिरि महाराज को अंतरराष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया।
अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम शक्ति केंद्र के पूज्य राजराजेश्वर गुरुजी की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन, मेयर योगेश तेली, इमीग्रेशन इंस्पेक्टर पॉल स्मिथ सहित विभिन्न देशों की 150 से अधिक राजनीतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारत की सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज को मिली अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी
श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष और जूना अखाड़ा 13 मढ़ी के अध्यक्ष भी हैं। वे लंबे समय से सनातन धर्म, आध्यात्मिक जागरण, धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन के अंतरराष्ट्रीय महासचिव के रूप में उनकी जिम्मेदारी विभिन्न देशों के आध्यात्मिक गुरुओं, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और शांति अभियानों से जुड़े लोगों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना होगा। संगठन के माध्यम से अंतरधार्मिक सद्भाव, मानव सेवा, सांस्कृतिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं में नैतिक मूल्यों के विकास से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की योजना है।
नियुक्ति के अवसर पर श्रीमहन्त नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने हमेशा विश्व को शांति, प्रेम, करुणा, सहिष्णुता और मानवता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को युद्ध के बजाय शांति, संघर्ष के बजाय संवाद और विभाजन के बजाय एकता की आवश्यकता है, उन्होंने कहा कि वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन के माध्यम से विभिन्न देशों के आध्यात्मिक और सामाजिक नेतृत्व को एक मंच पर लाकर मानवता की सेवा तथा विश्व कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
श्री राजराजेश्वर गुरुजी की अध्यक्षता में हुआ समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण और विश्व शांति की प्रार्थना के साथ हुई। समारोह में ब्रिटिश सांसद एवं ऑल-पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप (APPG) के चेयरमैन बॉब ब्लैकमैन के योगदान की सराहना की गई। उन्हें संगठन के सलाहकार के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। ऑस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार के साथ कार्यरत लेखिका सिया जैन को भी संगठन का सलाहकार नियुक्त किया गया।
पूज्य श्री राजराजेश्वर गुरुजी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व के अनेक हिस्सों में युद्ध, हिंसा, तनाव और असुरक्षा जैसी चुनौतियां मानवता के सामने हैं। ऐसे समय में भौतिक विकास के साथ प्रेम, करुणा, नैतिकता, आध्यात्मिक चेतना और प्रकृति के प्रति सम्मान को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने सभी धर्मों, संस्कृतियों और देशों के बीच संवाद एवं सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
पांच मूल सिद्धांतों पर काम करेगा संगठन
वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन ने अपने कार्यों के लिए पांच प्रमुख सिद्धांत निर्धारित किए हैं। इनमें विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के बीच सद्भाव, मानव समाज में एकता, सत्य एवं पारदर्शिता, पीड़ित मानवता की सेवा और पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत विकास शामिल हैं। संगठन का ध्येय वाक्य ‘Together for a Peaceful World’ यानी ‘एक शांतिपूर्ण विश्व के लिए एक साथ’ है। इसके तहत विभिन्न देशों में विश्व शांति सम्मेलन, आध्यात्मिक संवाद, मानव सेवा अभियान, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
हनुमान चालीसा पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दिया एकता का संदेश
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित समारोह में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। कलाकार चीतल शाह ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें भारतीय परंपराओं और देवी आराधना को दर्शाया गया। कार्यक्रम के समापन पर पूज्य श्री राजराजेश्वर गुरुजी के मार्गदर्शन में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से धर्म, जाति, भाषा और राष्ट्रीयता के भेद से ऊपर उठकर मानव एकता, आपसी सम्मान और सद्भाव का संदेश दिया गया।

वेबसाइट भी की गई लॉन्च
समारोह के दौरान वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू की गई। संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता और विश्व शांति अभियानों से संबंधित जानकारी वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना है।
वेबसाइट: www.worldpeaceorganisation.com
ईमेल: mailboxofwpo@gmail.com
आयोजकों के अनुसार, संगठन का उद्देश्य दुनिया के विभिन्न देशों के आध्यात्मिक गुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, राजनयिकों और युवाओं को साझा मंच पर लाकर शांति, प्रेम, करुणा और मानव कल्याण के लिए काम करना है। समारोह में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के आदर्शों को संगठन के वैश्विक अभियान का आधार बताया गया।