Italy: इटली ने सुरक्षा के नए उपायों की घोषणा की, इनका मकसद उन हिंसक प्रदर्शनों से निपटना है, जिनके कारण मिलान के मुख्य शॉपिंग इलाके में काफी नुकसान हुआ था। सप्ताहांत में हुए इन दंगों में शामिल लोगों में से कई नाबालिग थे, जिन्होंने दुकानों में लूटपाट की और संपत्तियों को आग लगा दी, सरकार के एक आदेश के तहत, साल के अंत तक मिलान में 500 अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया जाएगा। साथ ही, नाबालिगों द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई उनके माता-पिता को करनी होगी और 14 साल से अधिक उम्र के नाबालिगों पर कानूनी कार्रवाई करना अब और आसान हो जाएगा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवा दंगाइयों का शामिल होना “दुखद और डरावना” है। इस आदेश में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा में शामिल होने को एक नया आपराधिक अपराध माना गया है। इसके लिए पांच साल तक की जेल और 20,000 यूरो (22,500 अमेरिकी डॉलर) तक के जुर्माने का प्रावधान है। अगर दंगाई अपना चेहरा ढक लेते हैं या किसी व्यक्ति को चोट पहुंचती है, तो सजा और जुर्माना और भी बढ़ जाएगा।
मेलोनी ने कहा कि संपत्ति के नुकसान की भरपाई प्रदर्शनकारियों को करनी होगी और अगर नुकसान नाबालिगों ने किया है, तो इसके लिए उनके माता-पिता जिम्मेदार होंगे। इस आदेश को 60 दिनों के भीतर संसद द्वारा कानून में बदलना होगा। इसमें ये भी मान लिया जाएगा कि 14 साल से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति अपने कार्यों को समझने में सक्षम है, जब तक कि इसके विपरीत कुछ साबित न हो जाए। अब तक ये तय करने का काम जज का होता था।
मेलोनी ने ये भी कहा कि सरकार हिरासत केंद्रों में नए बिस्तर जोड़ेगी और किशोर न्याय प्रणाली (जुवेनाइल जस्टिस सिस्टम) में और जजों को नियुक्त करेगी। मध्य मिलान में, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ झड़प की, दुकानों में लूटपाट की और संपत्ति में आग लगा दी। इनमें से कई लोगों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। रविवार को भी लूटपाट और हिंसा जारी रही। अधिकारियों के अनुसार, इन दो दिनों में 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मिलान पुलिस ने बताया कि शनिवार रात हुए दंगों में 2,000 युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें विदेशी माता-पिता से जन्मे ऐसे लोग शामिल थे जिन्हें इटली की नागरिकता मिल चुकी है, साथ ही कुछ विदेशी नागरिक भी थे। सप्ताहांत में गिरफ्तार किए गए लगभग 50 लोगों में से 30 से ज्यादा नाबालिग हैं, ये अशांति ऐसे समय में हुई जब पड़ोसी देश फ्रांस में भी देशव्यापी प्रदर्शन चल रहे हैं। ये प्रदर्शन बढ़ती जीवन-लागत के खिलाफ और हाई स्कूल के छात्रों की शिकायतों के समर्थन में किए जा रहे। फ्रांस की पुलिस ने इन रैलियों में शामिल हिंसक प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।