Israel: इजराइल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को वीरता पुरस्कार से सम्मानित करेगा

 Israel: इजराइल के वर्तमान राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को देश का सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है। स्मित मच्छार ने फ्लाईदुबई के एक विमान के कॉकपिट में अपने सह-पायलट के हमले का बहादुरी से मुकाबला किया था। उनके इसी साहस के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

इज़राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार को छह लोगों को नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। ये सभी लोग 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में सवार थे। यरूशलम में राष्ट्रपति आवास पर आयोजित समारोह में इसाक हर्जोग ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आज जिन इजराइली नायकों को सम्मानित किया जा रहा है, उनके साथ वह कैप्टन स्मित मच्छार के स्वस्थ होने की भी दिल से कामना करते हैं।

इजराइल के राष्ट्रपति ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और काम के प्रति उनकी जिम्मेदारी ने एक बड़े हादसे को टालने में मदद की। उन्होंने कहा कि स्मित के ठीक होने के बाद उन्हें इजराइल की ओर से नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति ने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म’ इजराइल का वीरता के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, इस पुरस्कार की शुरुआत राष्ट्रपति इसाक ने सात अक्टूबर की घटनाओं के बाद की थी। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने और उनकी मदद करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली और असाधारण बहादुरी दिखाई।

इजराइल के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, ताली मेनेस, ज्विका मेनेस, यानीव हायून, शोता मुसायेव, असाफ़ राजुआन और ओर पारडिलोव को नागरिक वीरता पुरस्कार दिया गया। इन छह लोगों को विमान को हाईजैक करने की कोशिश कर रहे संदिग्ध व्यक्ति को रोकने में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। ‘जेरूसलम पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इज़राइल के राष्ट्रपति इसाक ने फ्लाइट 1073 के यात्रियों की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यात्रियों ने मुश्किल समय में इंसानियत और हिम्मत की मिसाल पेश की। जब फैसला लेने का वक्त आया, तो उन्होंने लोगों की जान बचाने को चुना। राष्ट्रपति ने इन यात्रियों को नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया।

30 सितंबर को कैप्टन स्मित मच्छार दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में सवार थे। उन्होंने विमान में मौजूद 172 यात्रियों और अपने साथी क्रू सदस्यों की जान बचाने में मदद की। उनकी बहादुरी और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टलने में मदद मिली। ओमान के नागरिक और उनके सह-पायलट हमम अल-हम्मामी ने विमान को क्रैश करने की कोशिश के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया।

भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। फिलहाल उनका इलाज संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनकी बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें हीरो बताया है। इजराइल के राष्ट्रपति इसाक ने कहा कि विमान में सवार लोगों ने मिलकर एक बड़ा हादसा टालने की कोशिश की। इससे सीख मिलती है कि दुनिया के सभी देशों को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर काम करना चाहिए।

उन्होंने सात अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमले को याद करते हुए कहा कि इस घटना ने इजराइली लोगों को गहरे घाव दिए हैं, जिनका असर कई पीढ़ियों तक रहेगा। राष्ट्रपति इसाक ने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात में चल रही जांच पर भी भरोसा जताया और वहां के अधिकारियों के काम की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *