Israel: इजराइल की सेना गाजा हमलों की जांच करेगी

Israel: इजराइली सेना ने कहा कि वह गाजा में युद्ध के दौरान सैनिकों के आचरण की समीक्षा के बाद फरवरी 2024 में पांच वर्षीय फलस्तीनी बच्ची हिंद रजब और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या तथा मार्च 2025 में 15 फलस्तीनी स्वास्थ्यकर्मियों की मौत के मामलों में आपराधिक जांच करेगी।

इजराइली सेना द्वारा यह घोषणा गाजा में युद्ध के दौरान सैनिकों के आचरण से जुड़ी 150 घटनाओं की समीक्षा के बाद की गई। हालांकि, सेना ने स्पष्ट किया कि वह उन अन्य तीन हमलों की आपराधिक जांच शुरू नहीं करेगी जिसमें ‘वर्ल्ड सेंट्रल किचन’ और ‘डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ के सहायता कर्मियों की मौत हो गई थी।

रजब (पांच साल) की मौत तब हुई जब इजराइली सैनिकों ने उस वाहन पर गोलीबारी की, जिसमें उसके चार रिश्तेदार भी सवार थे। वे सभी इजराइली सैन्य अभियान के बीच गाजा शहर से निकलने की कोशिश कर रहे थे।

वहीं, दक्षिणी शहर रफाह में इजरायली सैनिकों ने 15 स्वास्थ्यकर्मियों के वाहनों पर गोलीबारी की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके शवों को बुलडोजर से हटाकर सामूहिक कब्र में दफना दिया गया। फोन से बनाए गए वीडियो और घटना में बचे एकमात्र व्यक्ति के अनुसार, सैनिकों ने पहले इजराइली हमलों में घायल हुए लोगों को निकालने पहुंची एक एम्बुलेंस पर गोली चलाई और फिर उसकी तलाश में पहुंचे कई अन्य आपातकालीन वाहनों पर भी गोलियां बरसाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *