Iran Israel war: अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों और फिर ईरान के जवाबी हमलों ने तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध में जान गंवाने वाले अमेरिकी सैनिकों की मौत का बदला लेने की बात कही।
ट्रंप ने एक वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिकी सैन्य कर्मियों की मौत का बदला लिया जाएगा और युद्ध खत्म होने तक “संभवतः और भी ज्यादा” अमेरिकी सैनिक मारे जा सकते हैं।
राष्ट्रपति ने रविवार दोपहर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए लगभग छह मिनट के वीडियो में ये टिप्पणियां कीं। तीनों सैन्यकर्मियों को “सच्चे अमेरिकी देशभक्त” बताते हुए उन्होंने कहा, “हम उस नेक मिशन को जारी रख रहे हैं जिसके लिए उन्होंने अपनी जान दी।”
उन्होंने आगे कहा, “दुख की बात है, इसके खत्म होने से पहले शायद और भी लोग मारे जाएंगे। यही सच्चाई है।” अमेरिका और इजराइल ने रविवार को ईरान में कई ठिकानों पर बमबारी की, बैलिस्टिक मिसाइल स्थलों पर भारी बम गिराए और युद्धपोतों को नष्ट कर दिया।
ये कार्रवाई सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद तेज हुए सैन्य अभियान का हिस्सा थी। ईरानी नेताओं का कहना है कि खामेनेई और अन्य वरिष्ठ नेताओं की हत्या करने वाले हमलों की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और खाड़ी अरब देशों पर मिसाइलें दागीं, अमेरिकी सेना के मुताबिक इस हमले में तीन सैन्यकर्मी शहीद हो गए – ये इस संघर्ष में पहली ज्ञात अमेरिकी मौतें थीं।
इजराइल की बचाव सेवाओं ने बताया कि मध्य शहर बेत शेमेश में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुए हमले में नौ लोग मारे गए और 28 घायल हो गए, जिससे देश में मरने वालों की कुल संख्या 11 हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद भी 11 लोग लापता हैं।