Hantavirus: हंता वायरस, क्रूज जहाज से निकाले गए तीन यात्री संक्रमित

Hantavirus: एक क्रूज जहाज पर हंता वायरस के प्रकोप के बाद सुरक्षित निकाले गए यात्रियों में से एक फ्रांसीसी महिला और दो अमेरिकी नागरिक संक्रमित पाए गए हैं या उनमें इसके लक्षण दिखे हैं। इस बीच, दुनिया भर के देशों ने अपने नागरिकों को वापस लाने और उन्हें पृथक-वास में रखने की कवायद तेज कर दी है।

स्पेन के कैनरी द्वीप समूह में एमवी होंडियस क्रूज जहाज के पहुंचने के बाद रविवार से यात्रियों को सैन्य और सरकारी विमानों से उनके देशों में वापस भेजने का सिलसिला शुरू हुआ। टेनेरिफ में सोमवार को भी सुरक्षात्मक सूट और मास्क पहने कर्मियों की निगरानी में यात्रियों को जहाज से तट तक पहुंचाया गया।

फ्रांस की स्वास्थ्य मंत्री स्टेफनी रिस्ट ने सोमवार को बताया कि क्रूज जहाज से रविवार को उतारकर विमान में पेरिस लाए गए पांच यात्रियों में से एक महिला संक्रमित पाई गई है और रात में अस्पताल में उसकी हालत बिगड़ गई। रिस्ट ने बताया कि महिला में पेरिस की उड़ान के दौरान ही लक्षण दिखने शुरू हो गए थे। अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार देर रात बताया कि जहाज से सुरक्षित निकाले गए और नेब्रास्का भेजे गए 17 अमेरिकी यात्रियों में से एक व्यक्ति हंता वायरस से संक्रमित पाया गया है, हालांकि उसमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं। एक अन्य यात्री में हल्के लक्षण पाए गए हैं।

ये विमान सोमवार सुबह अमेरिका पहुंचा। अमेरिकी यात्रियों को सबसे पहले यूनिवर्सिटी ऑफ नेब्रास्का मेडिकल सेंटर ले जाया जाएगा। यहां उन्हें संघीय पृथक-वास (क्वारंटीन) केंद्र में रखा जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं या नहीं और उनसे वायरस फैलने का खतरा कितना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इन यात्रियों की कड़ी निगरानी की सिफारिश की है।

इससे पहले, स्पेनिश स्वास्थ्य मंत्रालय और ‘एमवी होंडियस’ क्रूज संचालक कंपनी ‘ओशनवाइड एक्सपीडिशन्स’ के अधिकारियों ने कहा था कि जहाज पर सवार 140 से अधिक लोगों में से किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं दिखे हैं। हंता वायरस के प्रकोप की शुरुआत से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और जहाज से पहले उतरे पांच और लोग संक्रमित पाए गए थे।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “ये कोविड जैसी स्थिति नहीं है और आम जनता के लिए जोखिम कम है। इसलिए लोगों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है।” डब्लूएचओ की मुख्य महामारी विज्ञानी मारिया वान केरखोव ने सिफारिश की है कि यात्रियों के स्वदेश लौटने पर उनकी दैनिक स्वास्थ्य जांच की जाए। इस प्रकोप में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया भी अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष विमान भेज रहा है। डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन ने कहा कि सोमवार को दूसरी डच उड़ान के जरिए नीदरलैंड और अन्य देशों के यात्रियों को वापस लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *