Google Gemini: Google ने अपने Gemini Notebook प्लेटफॉर्म पर छात्रों के लिए एक नई सुविधा पेश की है। इसके तहत भारत और अमेरिका के विद्यार्थियों को सैकड़ों पाठ्यपुस्तकों का मुफ्त एक्सेस मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के पढ़ाई के लिए उपयोगी शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराना है।
इस नई सुविधा में अमेरिका और भारत के प्रमुख शैक्षणिक प्रकाशकों की किताबें शामिल की गई हैं। इनमें OpenStax, Open Textbook Library और एस. चंद पब्लिशिंग का कलेक्शन प्रमुख है। छात्र इन पुस्तकों को सीधे Gemini Notebook के जरिए एक्सेस कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा।
इस फीचर की मदद से विद्यार्थी पाठ्यपुस्तकों में मौजूद संदर्भों और मूल स्रोतों के लिंक के जरिए किसी विषय से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म किताबों की सामग्री को पर्सनलाइज्ड स्टडी गाइड, प्रैक्टिस क्विज और फ्लैशकार्ड में बदलने की सुविधा भी देता है, जिससे पढ़ाई और रिवीजन को आसान बनाया जा सकेगा।
कैसे करें मुफ्त पाठ्यपुस्तकों का इस्तेमाल?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए छात्रों को Gemini Notebook खोलना होगा। इसके बाद ‘Add Sources’ यानी ‘स्रोत जोड़ें’ विकल्प पर क्लिक करके ‘Textbooks’ का चयन करना होगा। इसके बाद उपलब्ध पाठ्यपुस्तकों को प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।