G7 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्लोवाकिया दौरे का समापन करते हुए इसे “ऐतिहासिक और अत्यंत सफल” बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान हुए समझौते और चर्चाएं भारत एवं स्लोवाकिया के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।भारत-स्लोवाकिया संबंधों की गर्मजोशी को दर्शाते हुए स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को विदा करने पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर स्लोवाकिया सरकार और वहां के नागरिकों का गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं अपने ऐतिहासिक और सफल स्लोवाकिया दौरे का समापन कर रहा हूं। इस यात्रा के परिणाम हमारे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेंगे। विशेष रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग में बढ़ोतरी से युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को व्यापक लाभ मिलेगा।” उन्होंने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तिगत रूप से विदाई देने आना दोनों देशों के मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक है। स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित हुए पीएम मोदी दौरे के दौरान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस फर्स्ट क्लास” से सम्मानित किया। यह किसी विदेशी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
शिक्षा, तकनीक और प्रतिभा विकास पर हुए अहम समझौते
ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने शिक्षा, अनुसंधान, प्रतिभा गतिशीलता (टैलेंट मोबिलिटी), संस्कृति और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने श्रमिक प्रवासन पर भी एक समझौता किया, जिसका उद्देश्य कामगारों की सुरक्षित, व्यवस्थित और वैध आवाजाही को बढ़ावा देना तथा संबंधित संस्थाओं के बीच सूचना आदान-प्रदान को मजबूत करना है।
व्यापार और निवेश बढ़ाने पर सहमति
भारत और स्लोवाकिया ने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को नई गति देने के लिए भारत-स्लोवाकिया संयुक्त आर्थिक समिति (JEC) की भूमिका को और मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) समेत कई क्षेत्रों में व्यापार और निवेश बढ़ाने का संकल्प लिया। संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने स्लोवाकिया के मजबूत औद्योगिक ढांचे और भारत की विशाल बाजार क्षमता, नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र तथा तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाकर द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
स्लोवाकिया दौरे के सफल समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस रवाना हो गए हैं, जहां वे वैश्विक नेताओं के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
