Haryana: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की तथा प्रदेशवासियों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-20 की मुख्य मार्केट के सामने स्वयं झाड़ू लगाकर की। उन्होंने आसपास के क्षेत्र की सफाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित निष्पादन के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वयं कचरा एकत्र कर रेहड़ी में डाला।
इस मौके पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता के संदेश से प्रेरित होकर देशभर के लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आएंगे।
इस अवसर को ध्यान में रखते हुए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है जिसकी शुरुआत आज पंचकूला से की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा पार्टी पदाधिकारी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा आगमन हम सब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान एक हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाएंगे और हरियाणा के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
आज पंचकूला में ‘स्वच्छता ही स्वागत अभियान’ की शुरुआत की एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 100 पौधे लगाए। स्वच्छता का यह विशेष अभियान 17 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर निरंतर जारी रहेगा।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के स्वच्छ भारत और हरित भारत के संकल्प… pic.twitter.com/OUyU82avQ0
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 13, 2026
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव आज पूरी दुनिया महसूस कर रही है, पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत की और देशवासियों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसका संरक्षण करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस अभियान से जुड़ते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधा रोपण से पर्यावरण स्वच्छ होगा, वायु प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, जिससे अनेक बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया है कि वे जहाँ भी जाएंगे, वहाँ कम से कम 100 पौधे अवश्य लगाएंगे। इसी क्रम में आज पंचकूला में भी पौधरोपण किया गया।