Sara Arjun: फिल्म ‘धुरंधर’ से मशहूर हुईं अभिनेत्री सारा अर्जुन पहली बार रैंप पर आईं नजर

Sara Arjun:  सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ में नजर आ चुकीं अभिनेत्री सारा अर्जुन लैक्मे फैशन वीक में अपने खूबसूरत अंदाज को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। सारा अर्जुन पहले बार रैंप पर नजर आईं। इस खास मौके पर वह डिजाइनर अनुष्री रेड्डी के कलेक्शन ‘माया’ के लिए मॉडल के रूप में रैंप पर उतरीं। लक्मे सैलून और अनुश्री रेड्डी ने एफडीसीआई के साथ मिलकर इस कलेक्शन को पेश किया।

इस दौरान सारा अर्जुन हल्के नीले रंग के बेहद खूबसूरत गाउन में नजर आईं। उनके गाउन पर सफेद रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी, जो उनके लुक को खास बना रही थी। गाउन का फ्लोरल डिजाइन और कमर के पास बना खूबसूरत पैटर्न उनके आउटफिट को और भी आकर्षक बना रहा था। सारा ने अपने इस लुक को खुले बालों और हल्के मेकअप के साथ पूरा किया। उनका यह अंदाज काफी खूबसूरत लग रहा था।

लैक्मे फैशन वीक में सारा का यह लुक फैशन पसंद करने वालों का ध्यान खींचने वाला रहा। रैंप वॉक का ऑफर मिलने पर अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए सारा ने बताया कि शुरुआत में उनके मन में ये सवाल आया कि क्या वे इसके लिए तैयार हैं, लेकिन जल्द ही उनकी झिझक उत्साह में बदल गई।

उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, “सबसे पहले मेरे मन में यही ख्याल आया कि क्या मैं इसके लिए तैयार हूं? फिर मैंने सोचा और मुझे एहसास हुआ कि हां, मैं तैयार हूं। इसके बाद तो बस उत्साह ही था।”

उन्होंने कहा, “रैंप पर चलना और वहां मौजूद होना एक अलग ही तरह का अनुभव था। अनुश्री बार-बार मुझसे कह रही थीं, ‘सारा, तुम्हें इसमें मजा आएगा।’ चूंकि ये मेरा पहला अनुभव था, इसलिए मुझे नहीं पता था कि वहां पहुंचने पर मुझे कैसा लगेगा, लेकिन मुझे ये बहुत अच्छा लगा। ऐसा लगा जैसे मैं इसी के लिए बनी हूं। ये बहुत मजेदार था।”

अनुश्री रेड्डी के कलेक्शन ‘माया’ में नारीत्व, रंगों और उत्कृष्ट कारीगरी का खूबसूरत संगम देखने को मिला। लैक्मे फैशन वीक का समापन 18 अक्टूबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *