Salman Khan: ‘साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला’, बोले सलमान खान

Salman Khan Angry On Paparazzi : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। बीती रात सलमान खान को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर देखा गया। इस दौरान जब वहां मौजूद पैपराजी ने उन्हें अपने कैमरे में कैद करने की कोशिश की, तो भाईजान काफी भड़क गए और उन्होंने पैप्स को जमकर फटकार लगा दी। लेकिन ऐसा लगता है कि सलमान का गुस्सा इतने पर ही शांत नहीं हुआ, बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कई पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी और पैप्स को वहां भी फटकार लगाई।

सलमान खान ने देर रात लगभग तीन बजे के करीब सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए। इनमें सलमान ने अलग-अलग एक्सप्रेशन के साथ अपनी सेल्फी पोस्ट कीं। साथ ही उन्होंने अस्पताल के बाहर पैपराजी के खड़े होने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। सलमान ने अपनी सेल्फी के साथ लिखा, ‘अगर मैंने किसी प्रेस को अस्पताल में मेरे दर्द का मजा लेते हुए देखा, जिस प्रेस के लिए मैं खड़ा रहा हूं, जिसके साथ मैंने बातचीत की है, जिसकी देखभाल की है और यह सुनिश्चित किया है कि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें।’

यही नहीं सलमान ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ की परवाह न करते हुए जिंदगी को फिल्म से ज्यादा जरूरी बताया। अगली पोस्ट में अगली सेल्फी के साथ भाईजान ने आगे लिखा, ‘लेकिन अगर वे मेरे नुकसान से पैसा कमाना चाहते हैं, तो चुप रहो, मजे न लो। पिक्चर ज्यादा जरूरी है या जिंदगी।’

उन्होंने आगे और भी पोस्ट किए जिनमें अपनी नाराजगी जाहिर की। एक अन्य मुस्कुराती सेल्फी के साथ सलमान ने लिखा, ‘ऐसे मैं सौ जला दूंगा। भाई के एक भाई के दुख पर अगली बार। कोशिश कर लेना मेरे साथ, बस कोशिश कर लेना। जब भी तुम्हारा कोई अस्पताल में होगा, क्या मैं ऐसा रिएक्ट करूंगा? ’

सलमान खान ने आगे अपनी उम्र का हवाला देते हुए ये भी याद  दिलाया कि वो अभी भी लड़ना नहीं भूले हैं। सलमान ने एक गंभीर मुद्रा की सेल्फी के साथ लिखा, ‘साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला ये याद रख लेना। जेल में डालोगे, हा हा…।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *