Rashmika: वरिष्ठ पटकथा लेखक और गीतकार जावेद अख्तर और अभिनेत्री मधु ने हिंदी के उच्चारण और दक्षिण भारतीय लहजे को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना कर रहीं अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का समर्थन किया है। अख्तर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भाषा को लेकर झूठा और निराधार श्रेष्ठता बोध स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने लिखा, “तमिल अभिनेत्री रश्मिका के उच्चारण से जिन्हें कोई समस्या है, उन्हें तमिल की कुछ पंक्तियां दी जानी चाहिए। तमिल दुनिया की सबसे पुरानी बोली जाने वाली भाषा है। देखते हैं कि वे इसका उच्चारण कितनी अच्छी तरह कर पाते हैं। भाषा को लेकर ये झूठा और निराधार श्रेष्ठता बोध स्वीकार्य नहीं है।” मधु ने भी ‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो साझा कर रश्मिका का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि करण जौहर के कार्यक्रम ‘कॉफी विद करण’ में रश्मिका का एपिसोड देखने के बाद उन्हें उनका अंदाज बहुत पसंद आया।
मधु ने कहा, “वे अपने लहजे को लेकर होने वाली आलोचना पर हंसती हैं, उसे स्वीकार करती हैं और सहजता से अपनाती हैं। मैं भी दक्षिण भारत से हूं और मेरा भी दक्षिण भारतीय लहजा है। वे इसे लेकर बहुत सहज हैं।” मधु ने बताया कि जब उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, तब उन्हें भी अपने लहजे को लेकर आलोचना का डर रहता था। उन्होंने हिंदी सुधारने के लिए उर्दू शिक्षक रखा था और उच्चारण में दक्षिण भारतीय लहजा सामने आने पर वे परेशान हो जाती थीं।
उन्होंने कहा कि अब उन्हें दक्षिण भारतीय होने और अपने लहजे पर गर्व है। उन्होंने कहा कि इस सहजता तक पहुंचने में उन्हें 30 साल लगे, जबकि रश्मिका पहले ही इस मुकाम पर पहुंच गई हैं। मधु ने अभिनेत्री की तारीफ करते हुए उन्हें इसी तरह आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दीं। रश्मिका की फिल्मों में हिंदी उच्चारण को लेकर पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर टिप्पणियां हुई हैं।
हाल में ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन में उनकी मौजूदगी के बाद ये मुद्दा फिर चर्चा में आया। कार्यक्रम में रश्मिका ने कहा था कि वे दक्षिण भारत से हैं, इसलिए उनका लहजा भी दक्षिण भारतीय होगा। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत उम्मीद करना अनुचित है। कार्यक्रम में वे अपने पति और अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ पहुंची थीं। रश्मिका ने 2016 में कन्नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इस फिल्म में रक्षित शेट्टी भी थे। उन्होंने तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी काम किया है। उनकी हिंदी फिल्म जगत में शुरुआत 2022 में हुई थी।
वे हाल में विजय के साथ फिल्म ‘रणबाली’ में नजर आई थीं। ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान रायलसीमा क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर बनी ये फिल्म 1854 से 1878 के बीच की ऐतिहासिक घटनाओं, मौखिक इतिहास और कम चर्चित प्रसंगों पर आधारित है, फिल्म में रश्मिका ने जयम्मा की भूमिका निभाई है।