Parineeti Chopra: अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की आगामी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ सितंबर में दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। निर्माताओं ने सोमवार को घोषणा की कि यह मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज 24 सितंबर को रिलीज होगी। एक मां की अपने लापता बच्चे की नौ साल लंबी तलाश पर आधारित यह सीरीज भरोसे और शक, अंतर्ज्ञान और सच्चाई तथा प्यार और जुनून के बीच की बेहद नाजुक सीमा को दर्शाती है।
‘शक: ट्रस्ट नो वन’ को रेंसिल डिसिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने क्रिएट किया है। रेंसिल डिसिल्वा ने इसका निर्देशन भी किया है, जबकि अल्केमी फिल्म्स इसके निर्माण से जुड़ी है। सीरीज में परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं और यह उनका सीरीज डेब्यू भी है।
निर्देशक और को-क्रिएटर रेंसिल डिसिल्वा ने कहा कि ‘शक’ अनिश्चितता पर आधारित थ्रिलर है, जहां हर खुलासा एक नया सवाल खड़ा करता है और हर रिश्ते के पीछे एक और परत छिपी होती है। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित करने वाली बात एक ऐसी मां की भावनात्मक यात्रा को दिखाना था, जिसने नौ साल तक अपने बच्चे की तलाश में हार नहीं मानी।
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा कि ‘शक’ एक भावनात्मक क्राइम ड्रामा है, जिसमें थ्रिलर के तत्व मौजूद हैं। हालांकि इसके केंद्र में एक मां की अपने बच्चे की नौ साल लंबी अथक तलाश है। कहानी एक ओर मां की तलाश की भावनात्मक तीव्रता और दूसरी ओर रहस्य और तनाव से भरपूर थ्रिलर के बीच सहजता से आगे बढ़ती है।
क्रिएटर और प्रोड्यूसर सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने कहा कि जब रेंसिल ने उन्हें यह कहानी सुनाई, तो वह तुरंत इससे जुड़ गए। उनके मुताबिक, सीरीज में गहरी भावनाएं, जटिल रिश्ते, अप्रत्याशित मोड़ और सच्चाई तक पहुंचने से ठीक पहले का लगातार बना रहने वाला तनाव देखने को मिलेगा। परिणीति चोपड़ा के साथ सीरीज में सोनी राजदान, अनुप सोनी, जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Shaque ki sui chal padi hai, tareekh nazdeek aa rahi hai. pic.twitter.com/L6FvigxO7W
— Netflix India (@NetflixIndia) September 7, 2026