Katrina Kaif: बॉडी शेमिंग करने वालों को अभिनेत्री कैटरीना कैफ का जवाब

Katrina Kaif: अभिनेत्री कैटरीना कैफ बेटे के जन्म के बाद वजन बढ़ने को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग से चिंतित नहीं हैं और उनका कहना है कि वह अपने जीवन के इस खूबसूरत दौर को लोगों की “बदलती राय” से प्रभावित नहीं होने देंगी। कैफ की शादी अभिनेता विक्की कौशल से हुई थी और उनका एक साल का बेटा विहान है। सितंबर में मुकेश अंबानी के परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में वह काफी समय बाद सार्वजनिक रूप से नजर आई थीं। इस दौरान दंपति की मुस्कुराते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हुए और वजन बढ़ने को लेकर कैटरीना चर्चा का विषय बन गईं।

कैटरीना ने ‘वोग इंडिया’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मुझे लगता है कि ज्यादातर लोग जानते हैं कि बच्चे को जन्म देने के बाद एक महिला का शरीर किन बदलावों से गुजरता है। अगर इसके बावजूद वे उसके शरीर को बहुत बारीकी से देखना चाहते हैं, तो यह उनकी मर्जी है। इसके लिए जानकारी की कमी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि इस बारे में बहुत सारी जानकारी उपलब्ध है। मैं केवल अपनी जिंदगी के इस खूबसूरत दौर पर और आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहती हूं।”

बॉलीवुड की सबसे फिट अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली 43 वर्षीय कैटरीना से एक पाकिस्तानी रेडियो जॉकी ने भी माफी मांगी थी। कैटरीना ने कहा, “हम ऐसी दुनिया में रहते हैं, जो हमें लोगों की लगातार बदलती राय के अनुसार इधर-उधर ले जाना चाहती है।” सोशल मीडिया पर कई लोगों ने व्यक्तिगत टिप्पणियां की थीं और कहा था कि बच्चे के जन्म के बाद कैटरीना ने अपने शरीर का ध्यान रखना छोड़ दिया है। इस तरह की टिप्पणियां कोई नई बात नहीं हैं।

अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन भी लंबे समय से इसी तरह की आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। इस साल कान फिल्म महोत्सव में रेड कार्पेट पर उनकी उपस्थिति पर भी काफी चर्चा हुई थी, फिल्म जगत के कई लोगों ने इस तरह की टिप्पणियों का विरोध किया है, कई कलाकारों ने ऐश्वर्या और कैटरीना का समर्थन करते हुए उन लोगों की आलोचना की है, जो कलाकारों से सुंदरता के अवास्तविक मानकों पर खरा उतरने की उम्मीद करते हैं।

माधुरी दीक्षित, सलमान खान, मृणाल ठाकुर और परिणीति चोपड़ा समेत कई हस्तियों ने फिल्म कलाकारों के शरीर पर जरूरत से ज्यादा ध्यान दिए जाने की आलोचना की है। ‘वोग इंडिया’ को दिए साक्षात्कार में कैटरीना ने बच्चे के जन्म के बाद तुरंत पहले जैसी सुडौल काया हासिल करने की सोच पर सवाल
उठाया। उन्होंने कहा, “पहले जैसी हो जाऊं? क्यों?”

उन्होंने कहा, “मैंने अपने दिल की एक बहुत बड़ी इच्छा पूरी की है। ऐसे में मैं पीछे क्यों जाना चाहूंगी? विहान के जन्म के बाद शुरुआती दिनों में जब मैंने उसका चेहरा देखा, तो मेरी खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। मुझे एहसास हुआ कि मेरे और विक्की के चार साल के सफर के बाद हमें यह खुशी मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *