Harshvardhan: अभिनेता हर्षवर्धन कपूर ने कहा है कि उन्होंने अभिनय नहीं छोड़ा है और वे अपनी अगली “बेहद अनोखी” फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसका निर्माण भी वे खुद करेंगे।
एक प्रशंसक ने सोमवार को ‘एक्स’ पर अभिनेता के साथ एक पोस्टर साझा किया, जिसमें कपूर की स्क्रीन से अनुपस्थिति पर सवाल उठाया गया था।
पोस्ट में लिखा था, “हर्षवर्धन कपूर, आपने अभिनय से दूरी क्यों बना ली है? आप वाकई एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, भले ही आपकी फिल्में ब्लॉकबस्टर न बनी हों; आपके अभिनय की खूब सराहना हुई। अब क्यों रुक रहे हैं? मेहनत करते रहिए… हम आपको जल्द ही पर्दे पर देखना चाहेंगे।”
इस पोस्ट का जवाब देते हुए कपूर ने कहा कि वे एक फिल्म पर सक्रियता से काम कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, ” ‘थार’ की रिलीज के दिन से ही मैं लगातार काम में लगा हुआ हूं। ‘थार’ को बनने में पांच साल लगे… विक्रम को ‘भावेश’ बनाने में कई साल लगे, और मुझे इस फिल्म को पूरा करने में दो से तीन साल लगे हैं। मैंने 30 जून को शूटिंग पूरी कर ली। मैं इसका निर्माण भी कर रहा हूं।”
अभिनेता अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर ने 2016 में रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘मिर्ज्या’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। बाद में उन्होंने ‘भावेश जोशी सुपरहीरो’, ‘एके वर्सेस एके’ और ‘थार’ जैसी फिल्मों में काम किया। वे आखिरी बार नेटफ्लिक्स की ‘थार’ में नजर आए थे।
फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने सिद्धार्थ कुमार का किरदार निभाया था, जो एक प्राचीन वस्तुओं का व्यापारी था।