GunMaaster: अभिनेता इमरान हाशमी की नई एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ की रिलीज तारीख के बारे में निर्माताओं का बयान आया है। निर्माताओं ने ऐलान किया है कि ये फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी लीड रोल में नजर आएंगे। उनके साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने किया है।इसे दर्शकों के सामने सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड पेश कर रहा है। इस फिल्म के साथ इमरान हाशमी, निर्देशक आदित्य दत्त और संगीतकार हिमेश रेशमिया की तिकड़ी लगभग दो दशक बाद एक बार फिर साथ आ रही है।ये तिकड़ी पहले भी कई हिट गाने और फिल्में दे चुकी है।
हुनर मुकुट ने कहा कि टीम हाशमी, दत्त और रेशमिया को फिर से एक साथ लाने के लिए उत्सुक थी। उन्होंने कहा, “रोमांस, एक्शन और संगीत का यह मिश्रण बेहद शानदार है।” निर्देशक आदित्य दत्त ने कहा कि “गनमास्टर जी9” उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण लेकिन रोमांचक फिल्मों में से एक है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास ये सुनिश्चित करना था कि हर एक्शन सीक्वेंस, हर भावना और हर फ्रेम में एक गहरा प्रभाव हो। इतने सालों बाद इमरान और हिमेश के साथ फिर से काम करना एक असाधारण अनुभव रहा है।”
साल 2000 की शुरुआत में हिमेश रेशमिया के गानों का युवाओं के बीच काफी क्रेज था। वहीं यह गाने जब इमरान हाशमी पर फिल्माए जाते तो फैंस थिरकने पर मजबूर हो जाते थे। उस दौर में दोनों की जोड़ी ने कई सुपरहिट गाने दिए। ‘आशिक बनाया आपने’ और ‘अक्सर’ जैसी फिल्मों को इस जोड़ी ने हिट बना दिया। अब दोनों एक बार फिर ‘गन मास्टर जी9’ के साथ वापसी कर रहे हैं।