GDN trailer: ‘भारत के एडिसन’ जीडी नायडू के किरदार में छाए आर. माधवन

GDN trailer: आर. माधवन की बहुप्रतीक्षित बायोपिक पीरियड ड्रामा फिल्म ‘GDN’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है। सोशल मीडिया पर जारी इस ट्रेलर में माधवन महान इंजीनियर, आविष्कारक और समाजसेवी गोपालस्वामी दोराईस्वामी नायडू के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिन्हें “भारत का एडिसन” कहा जाता है।

फिल्म का निर्देशन कृष्णकुमार रामकुमार ने किया है, जिन्होंने माधवन के साथ मिलकर इसकी पटकथा भी लिखी है। ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ में वैज्ञानिक नांबी नारायणन की भूमिका निभाकर प्रशंसा बटोरने वाले माधवन एक बार फिर एक ऐतिहासिक शख्सियत को पर्दे पर जीवंत कर रहे हैं।

करीब तीन मिनट लंबे ट्रेलर में माधवन जीडी नायडू के जीवन के अलग-अलग चरणों में दिखाई देते हैं। युवा संघर्षशील आविष्कारक से लेकर बुजुर्ग उद्योगपति तक का उनका रूपांतरण बेहद प्रभावशाली है। फिल्म में उनका वृद्ध अवतार इतना अलग दिखता है कि उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल हो जाता है।

ट्रेलर की शुरुआत नायडू के जीवन के अंतिम वर्षों को लेकर फैली अफवाहों से होती है, जिनमें उनके मानसिक रूप से अस्थिर होने और अपनी ही इमारत में बम विस्फोट कराने जैसी चर्चाएं शामिल हैं। इसके बाद कहानी उनके संघर्ष, नवाचार और सफलता की यात्रा को दिखाती है। ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने UMS सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क की स्थापना की और भारत के शुरुआती पॉलिटेक्निक संस्थानों की नींव रखी।

फिल्म में उन चुनौतियों और विरोध को भी दिखाया गया है जिनका सामना जीडी नायडू को सत्ता और ब्रिटिश शासन से करना पड़ा। ट्रेलर के एक अहम दृश्य में एक ब्रिटिश अधिकारी कहता है, आखिर यह फकीर कौन है?” इसके तुरंत बाद स्क्रीन पर उभरता है फिल्म का दमदार टैगलाइन — “ब्रिटिश हुकूमत जिससे डरती थी, लेकिन जिसे अपने ही देश ने भुला दिया।”

ट्रेलर आगे पुलिस छापों, आयकर चोरी के कथित आरोपों और नाजियों के साथ कारोबारी संबंधों को लेकर देशद्रोह जैसे गंभीर आरोपों की झलक भी दिखाता है, जो फिल्म के मुख्य संघर्ष को सामने लाते हैं। फिल्म में आर. माधवन के साथ सत्यराज, जयराम, प्रियामणि, विनय राय, दुशारा विजयन और अदिति बालन जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर गोविंद वसंथा ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अरविंद कमलनाथन ने संभाली है।

‘GDN’ का निर्माण वरघीस मूलन पिक्चर्स और ट्राईकलर फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का ट्रेलर जीडी नायडू के गृह नगर कोयंबटूर स्थित कारी मोटर स्पीडवे में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 17 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *