Esha Deol: अभिनेत्री ईशा देओल जल्द ही हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘घूंघट’ में नजर आने वाली हैं, इस फिल्म को राजीव एस. रुइया डायरेक्ट कर रहे हैं और इसे नेटिव सिनेमाज के बैनर तले देवेश कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं।
जांगीपुरा नाम के रहस्यमयी गांव पर आधारित “घूंघट” की कहानी भूरी नाम की आत्मा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका दुखद अतीत गांव वालों के लिए एक डरावने श्राप में बदल जाता है।
एक प्रेस रिलीज के अनुसार, इस कहानी में अलौकिक सस्पेंस के साथ-साथ ह्यूमर, रोमांस, फ़ैंटेसी और इमोशनल ड्रामा देखने को मिल सकता है।
ईशा देओल ने कहा कि ये फ़िल्म उनके लिए एक नया जॉनर है। उन्होंने एक बयान में कहा, “मुझे हमेशा कॉमेडी फिल्मों का हिस्सा बनना अच्छा लगा है और मैंने पहले हॉरर फिल्में भी की हैं, लेकिन ये दोनों का मिश्रण है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे इस स्क्रिप्ट की जो बात सबसे अच्छी लगी, वो यह है कि मजेदार और डरावने एलिमेंट्स के साथ-साथ इसमें एक संदेश भी है। ये इमोशनल और एंटरटेनिंग है और एक एक्टर के तौर पर मेरे लिए कुछ बहुत अलग है।”
ईशा देओल पर्दे पर साल 2023 की एक्शन थ्रिलर सीरीज “हंटर टूटेगा नहीं तोड़ेगा” में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने सुनील शेट्टी के साथ काम किया था।