Drishyam 3: अभिनेता जयदीप अहलावत ने बुधवार को कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं थी कि ‘दृश्यम 3’ में उनके किरदार की तुलना थ्रिलर फ्रेंचाइजी के दूसरे भाग में अक्षय खन्ना के निभाए किरदार से की जाएगी। ‘पाताल लोक’ फेम जयदीप अहलावत इस साल की शुरुआत में अक्षय खन्ना के फ्रेंचाइजी से अचानक बाहर होने के बाद इसका हिस्सा बने। अक्षय खन्ना ने दूसरे भाग में आईपीएस तरुण अहलावत का किरदार निभाया था।
अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म में जयदीप एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर की भूमिका में नजर आएंगे। उनका किरदार विजय सालगांवकर (अजय देवगन) और उसके परिवार के पीछे पड़ता है। अक्षय खन्ना की जगह लेने के बाद जयदीप ने कहा कि निर्देशक अभिषेक पाठक ने उनके लिए इस बदलाव को आसान बना दिया।
जयदीप अहलावत ने कहा कि उन्हें बिल्कुल भी दबाव महसूस नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने जिस तरह से स्क्रिप्ट और डायलॉग लिखे थे, उससे उन्हें कभी नहीं लगा कि वे इस दुनिया का हिस्सा नहीं हैं। कहानी सुनने के बाद उन्हें ऐसा भी नहीं लगा कि उनका किरदार अक्षय खन्ना के किरदार की जगह आया है। एक किरदार की कहानी खत्म हुई है और एक नए किरदार को पेश किया गया है। इसलिए उन्हें अक्षय के किरदार से तुलना को लेकर दबाव महसूस करने की कोई वजह नहीं लगी। यह पूरी तरह अलग सफर होगा।
जयदीप ने फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कहा कि उनके किरदार की शुरुआत अलग होगी और मीरा, देशमुख और सालगांवकर परिवार के साथ उसके नए रिश्ते होंगे। अभिनेता ने फ्रेंचाइजी के मुख्य अभिनेता अजय देवगन के साथ अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली फिल्म ‘आक्रोश’ में अजय देवगन ने काम किया था और इसे कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया था। जयदीप ने ये भी कहा कि वह लंबे समय से तब्बू के प्रशंसक रहे हैं, तब्बू ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा रही हैं।