Dhurandhar: अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ जापान में होगी रिलीज

Dhurandhar: फिल्म निर्माता आदित्य धर की जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म “धुरंधर” जापान में 10 जुलाई, 2026 को रिलीज होगी। निर्माताओं ने इसकी घोषणा की, जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित रणवीर सिंह अभिनीत ये फिल्म जासूसी थ्रिलर का पहला भाग है। 5 दिसंबर, 2025 को दुनियाभर में रिलीज के बाद से इसने 1,328 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है, साथ ही प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़े हैं।

जियो स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “जापान में ‘धुरंधर’ की ऊर्जा का अनुभव करने का समय आ गया है! 10 जुलाई, 2026 को जापान के सिनेमाघरों में आ रही है।” अंतरराष्ट्रीय स्तर पर “धुरंधर” उत्तरी अमेरिका में अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म और कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है, साथ ही ब्रिटेन में भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाली भारतीय फिल्मों में शुमार हो गई है।

इसमें आगे कहा गया, “अपनी अनूठी भव्यता, कहानी कहने के अंदाज के साथ धुरंधर जापानी दर्शकों से जुड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन, ड्रामा और कहानी का संगम है, ये एक ऐसा सिनेमाई अनुभव प्रदान करता है जो न केवल दर्शकों को बांधे रखता है बल्कि उन्हें पूरी तरह से आकर्षित भी करता है।”

हालांकि, कथित तौर पर पाकिस्तान विरोधी दृष्टिकोण के कारण ये फिल्म संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, कतर, ओमान और सऊदी अरब में रिलीज नहीं हुई। “धुरंधर” एक लंबे समय से चल रहे भारतीय खुफिया मिशन की कहानी है, जिसमें एक गुप्त एजेंट बलूच व्यक्ति हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) की पहचान अपनाकर पाकिस्तान के आपराधिक जगत में दाखिल होता है, जिसका उद्देश्य भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को खत्म करना है।

ये कहानी 1999 के आईसी-814 अपहरण, 2001 में भारतीय संसद पर हमले और 2008 के मुंबई हमलों सहित कई वास्तविक राजनैतिक घटनाओं से प्रेरित है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी सहित कई जाने-माने कलाकार हैं। इसका लेखन, निर्देशन और निर्माण आदित्य धर ने किया है, जबकि ज्योति देशपांडे और लोकेश धर इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म के सीक्वल का नाम “धुरंधर: द रिवेंज” है, जो 19 मार्च को विश्व स्तर पर रिलीज हुआ था और अब तक इसने दुनिया भर में लगभग 1,800 करोड़ रुपये की कमाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *